बलिया । जनपद के रसड़ा ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर उत्तर प्रदेश कताई मिल मजदूर संघ, रसड़ा के श्रमिकों की बैठक रविवार को ब्रह्माईन सती स्थल पर हुई। बैठक में पेंशनधारकों ने न्यूनतम पेंशन बढ़ाने, महंगाई भत्ता लागू करने और पति-पत्नी को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा देने की मांग दोहराई। श्रमिकों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
संघ अध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा ने कहा कि ईपीएस-95 के तहत अधिकांश पेंशनधारकों को मात्र 500 से 1200 रुपये मासिक पेंशन मिल रही है, जो वर्तमान महंगाई में सम्मानजनक जीवनयापन के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि पेंशनधारकों का अंशदान फंड में जमा है और उसके ब्याज से बेहतर पेंशन दी जा सकती है।
बैठक में 7,500 रुपये मासिक न्यूनतम पेंशन, महंगाई भत्ता और पति-पत्नी को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा की मांग की गई। वहीं, 10 वर्ष की सेवा पूरी न कर पाने वाले श्रमिकों को 5,000 रुपये मासिक पेंशन देने की मांग भी उठी।
वक्ताओं ने घोषणा की कि मांगें पूरी नहीं होने पर 5 अगस्त को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में बृजा प्रसाद, कमलेश श्रीवास्तव, अजय सिंह, फौजदार यादव समेत सैकड़ों श्रमिक मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







