सोनभद्र । जिले की दुद्धी पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का मात्र 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
मामला 9 जून 2026 का है, जब महुअरिया निवासी जय सिंह ने अपने भाई समासिंह गोड़ की हत्या की सूचना देते हुए थाना दुद्धी में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस ने 11 जून को बघाड़ू-भीसूर मार्ग स्थित पुलिया के पास से आरोपी राजेन्द्र विश्वकर्मा (22 वर्ष), निवासी डुमरपान, थाना सोनावल, जिला बलरामपुर (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और मृतक के बीच कथित अवैध संबंध थे, जिससे वह लंबे समय से नाराज और मानसिक रूप से परेशान था। घटना वाले दिन उसने समासिंह को फोन कर बुलाया, दोनों ने शराब पी और बाद में खेमा नदी पुलिया के नीचे चाकू तथा पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल संख्या UP64 BB 9969 तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









