Search
Close this search box.

जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नेतृत्व में केंद्रीय कारागार वाराणसी का त्रैमासिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना

वाराणसी । जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंदौली के नेतृत्व में शुक्रवार को केंद्रीय कारागार वाराणसी का संयुक्त त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सचिव डीएलएसए तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चंदौली भी मौजूद रहे। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने सभी अधिकारियों का स्वागत करते हुए कारागार का विस्तृत निरीक्षण कराया।

निरीक्षण की शुरुआत कारागार के चक्र-3 स्थित अस्पताल से हुई, जहां अधिकारियों ने भर्ती बंदियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल में साफ-सफाई और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की अधिकारियों ने सराहना की। इसके बाद अधिकारियों ने कारागार के विभिन्न सर्किलों का भ्रमण कर जनपद चंदौली के बंदियों की परेड देखी तथा उनकी समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर की स्वच्छता, बंदियों के रहन-सहन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों ने कारागार प्रशासन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सकीय परामर्शदाता डॉ. लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वाल्दिया, अयोध्या प्रसाद, फार्मासिस्ट संदीप खरे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें