मीरजापुर। जनपद के पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराध एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में विंध्याचल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर पटेंगहरा नाला रेलवे ओवरब्रिज के पास से दो बाल अपचारियों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर सरोज, पंकज, रोशन सरोज, मोहित सरोज और विकास विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत के 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में थाना विंध्याचल पर मुकदमा अपराध संख्या 208/2026 के तहत धारा 317(2), 317(4) और 317(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित गिरोह के रूप में काफी समय से विभिन्न स्थानों पर चोरी करते थे और चोरी के मोबाइल ग्राहकों को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार समीर और पंकज ग्राहकों से संपर्क कर चोरी के मोबाइल बेचने की व्यवस्था करते थे।

इसी क्रम में मोबाइल बेचने के लिए एकत्रित होने के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों और बाल अपचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय, जेल एवं बाल सुधार गृह भेजा गया।









