वाराणसी । जन अधिकार पार्टी वाराणसी के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मौर्य के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जातिगत जनगणना समेत विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्टी ने कहा कि जातिगत जनगणना सामाजिक भागीदारी का आधार है और प्रत्येक वर्ग को उसकी जनसंख्या के अनुपात में भागीदारी मिलनी चाहिए। पार्टी ने पूरे देश में जातिगत जनगणना कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रीय संपत्तियों को निजी कंपनियों एवं उद्योगपतियों को बेचे जाने पर रोक लगाने, पेट्रोल-डीजल पर केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा लगाए गए करों को कम कर कीमतों में राहत देने की मांग की गई। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों को सामान्य वर्ग की तरह छात्रवृत्ति देने की मांग भी उठाई गई।
जन अधिकार पार्टी ने नई शिक्षा नीति का विरोध करते हुए देशभर में समान शिक्षा पाठ्यक्रम लागू करने की मांग की। पार्टी ने किसानों को खाद, बीज व कीटनाशक उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने, सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली देने, छोटे व मझले किसानों तथा दुकानदारों-व्यापारियों का कर्ज और बिजली बिल माफ करने की मांग की।
ज्ञापन में गन्ना किसानों के बकाये का तत्काल भुगतान तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।








