वाराणसी । जनपद के डोम समाज फाउंडेशन ने जिलाधिकारी वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर नगर निगम द्वारा झोपड़पट्टी हटाए जाने के बाद बेघर हुए डोम समाज के लोगों के लिए सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि डोम समाज के कई परिवार खरबुजा शहीद, दैनिक जागरण कार्यालय के सामने, नदेसर क्षेत्र में झोपड़ियां बनाकर लंबे समय से रह रहे थे। नगर निगम द्वारा बिना पूर्व सूचना और बिना किसी वैकल्पिक आवासीय व्यवस्था के झोपड़पट्टी हटा दी गई।
उन्होंने कहा कि अचानक आशियाना छिन जाने से समाज के अनेक परिवारों के सामने रहने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। बारिश के मौसम में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
फाउंडेशन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल अस्थायी आश्रय तथा स्थायी रूप से सरकारी आवास उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, समाज के लोगों के पुनर्वास के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके।








