वाराणसी । जनपद के थाना शिवपुर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को एक परिवार तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था, तभी अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त वरुणापार प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान तथा अपर पुलिस उपायुक्त लिपि नागयाच के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’ के तहत थाना शिवपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर गंगोत्री इंटर कॉलेज, मुर्दहा क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल कुमार, रोहित पाल, अमन सेठ और यश सिंह शामिल हैं। उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा, दो खोखा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने तरना-शिवपुर स्थित बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की थी। नगदी को आपस में बांटकर खर्च कर दिया गया था, जबकि आभूषण बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। चोरी का खुलासा करने वाली एसओजी और थाना शिवपुर की संयुक्त टीम को पुलिस आयुक्त ने एक लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा कर सम्मानित किया है।









