Search
Close this search box.

खेजुरी पुलिस ने मारपीट व तोड़फोड़ मामले में वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार

बलिया । अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खेजुरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज तथा तोड़फोड़ के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को एक व्यक्ति ने थाना खेजुरी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोग उसकी दुकान पर पहुंचे, गाली-गलौज की, मारपीट की तथा उसकी मड़ई को क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने उसे और उसकी पुत्री को भी पीटा, जिससे दोनों को सिर, कान और हाथ में चोटें आईं। मामले में थाना खेजुरी पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार के मार्गदर्शन में थाना खेजुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त भरत पासवान (40 वर्ष), निवासी करम्मर, थाना खेजुरी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अभिषेक यादव, कांस्टेबल धीरज लव कुमार तथा आरक्षी अमरजीत यादव की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें