Search
Close this search box.

अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट मामले में आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद

बलिया । 13 जून 2026 जनपद बलिया के थाना बांसडीह रोड पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष वंशबहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह ग्राम ढेलहवा बाबा से दुबहड़ जाने वाले मार्ग के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 12 जून को दर्ज मुकदमे में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया था। मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन कुमार साह (29 वर्ष) निवासी गायघाट, थाना रेवती, जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या UP 60 BL7553, बरामद कर उसे सीज कर दिया है। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें