Search
Close this search box.

शहीद उद्यान बनेगा आधुनिक आकर्षण का केंद्र, दो माह में पूरा होगा सौंदर्यीकरण कार्य

वाराणसी । नगर निगम शहर के प्रमुख पार्कों के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर तेजी से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में सिगरा स्थित शहीद उद्यान को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहीद उद्यान तथा सिगरा फल मंडी के पास मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि शहीद उद्यान के सौंदर्यीकरण का कार्य हर हाल में अगले दो माह के भीतर पूरा किया जाए, ताकि शहरवासियों को शीघ्र ही एक आधुनिक एवं आकर्षक पार्क की सुविधा मिल सके। लगभग 8.98 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस पार्क में आधुनिक झूले, आकर्षक फव्वारे, मॉर्निंग वॉक पाथवे और अन्य जनसुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा 1.5 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया जा रहा है।

वहीं मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स योजना के तहत 11.61 करोड़ रुपये की लागत से तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक 610 मीटर लंबे मार्ग पर ड्रेनेज और फुटपाथ निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत फल मंडी मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है।

महापौर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे वाराणसी को आधुनिक शहरी सुविधाओं की नई सौगात मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें