चन्दौली। /मिर्जामुराद स्थित प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में एक माह से संचालित किशोरी समर कैम्प का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रमाणपत्र वितरण के साथ भव्य समापन हुआ। आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कैम्प में नागेपुर सहित आसपास के लगभग 20 गांवों की 110 से अधिक किशोरियों ने भाग लिया। समापन समारोह का शुभारंभ खण्ड विकास अधिकारी सुरेंद्र यादव, यूनियन बैंक शाखा प्रबंधक इन्दर सिंह, ग्राम प्रधान मुकेश कुमार तथा लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


15 मई से शुरू हुए इस कैम्प में किशोरियों को ब्यूटीशियन, कम्प्यूटर, इंग्लिश स्पीकिंग, फैशन डिजाइनिंग, डांस, अचार-मुरब्बा निर्माण, सेल्फ डिफेंस और स्कूटी चलाने सहित अनेक व्यावसायिक एवं जीवनोपयोगी प्रशिक्षण दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता, नेतृत्व विकास, कानूनी अधिकार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विशेष सत्र भी आयोजित किए गए।


समापन अवसर पर किशोरियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेश दिए। “मुझे क्या बेचेगा रुपया” गीत पर दहेज प्रथा के खिलाफ प्रस्तुति और फिल्म दंगल के गीतों पर महिला सशक्तिकरण आधारित नृत्य ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। मुख्य अतिथि प्रोफेसर गीता रानी, दीपक पुजारी और नीलम पटेल ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों को सम्मानित किया।

वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को उचित अवसर और प्रशिक्षण मिले तो वे हर क्षेत्र में सफलता का नया इतिहास रच सकती हैं। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और किशोरियां उपस्थित रहे।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।










