बलिया। 20 जून 2026 बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के ग्राम मझौली में एक प्राचीन कुएं को अवैध रूप से भरकर कब्जा किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में गांव निवासी रविशंकर दुबे ने थानाध्यक्ष बांसडीह रोड को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थी के अनुसार, शांति मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित यह प्राचीन कुआं ग्रामसभा की भूमि पर स्थित है, जबकि इसके दोनों ओर की जमीन उनके स्वामित्व में है। उनका आरोप है कि पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने कुएं को मिट्टी से भरकर उस पर अवैध कब्जा कर लिया है। इससे न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि क्षेत्र में विवाद और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका भी उत्पन्न हो गई है।
रविशंकर दुबे ने बताया कि कुएं से सटी चकनाली से संबंधित विवाद पहले से ही दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश भी जारी किया गया है। इसके बावजूद कुएं को भरने की कार्रवाई की गई, जो न्यायालय के आदेश की अवहेलना मानी जा रही है।
उन्होंने प्रशासन से कुएं की मूल स्थिति बहाल कराने तथा अवैध कब्जा हटाने की मांग की है। मामले की प्रतिलिपि ग्रामसभा सचिव, लेखपाल, उपजिलाधिकारी सदर और जिलाधिकारी बलिया को भी भेजी गई है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।










