Search
Close this search box.

किसानों की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ का प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

बलिया । भारतीय किसान संघ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों एवं किसानों ने जनपद मुख्यालय पर जिलाधिकारी को 13 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिले के किसान वर्तमान समय में खाद, बीज और कृषि संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं। समय पर खाद और बीज उपलब्ध न होने तथा बढ़ती कीमतों के कारण किसानों को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से किसान संघ ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि प्रत्येक माह आयोजित होने वाले किसान दिवस कार्यक्रम में वे स्वयं उपस्थित होकर किसानों की समस्याओं को सुनें और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएं। किसानों का कहना है कि कई बार उनकी शिकायतें अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद समय पर निस्तारित नहीं हो पाती हैं, जिससे उन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था में किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा किसान हित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्यवाही करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो आगे व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें