उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तंत्र विद्या के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मौलाना तांत्रिक ने किसान युवक को रुपये दोगुने करने का झांसा देकर करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये हड़प लिए।
मामला अमरोहा के गजरौला क्षेत्र का है। थाना बछरायूं के गांव सरकड़ा कलां निवासी किसान आकाश चौधरी ने गजरौला निवासी जाने आलम पर तंत्र क्रिया के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच देकर ठगी करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित आकाश चौधरी के मुताबिक, तांत्रिक जाने आलम ने उसे विश्वास दिलाया था कि वह तंत्र विद्या के माध्यम से उसकी रकम को दोगुना कर देगा। इस झांसे में आकर आकाश ने कई किस्तों में उसे करीब 1.80 करोड़ रुपये दे दिए। पीड़ित का दावा है कि रकम जुटाने के लिए उसने अपनी सारी जमीन तक बेच दी।
इस बीच, तांत्रिक जाने आलम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह नोटों की गड्डियों के साथ कथित तौर पर तंत्र क्रिया करता दिखाई दे रहा है।
पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।












