सोनभद्र । के डाला चौकी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्टोन क्रशर प्लांट के पीछे स्थित नाले की झाड़ियों में क्षत-विक्षत अवस्था में नर कंकाल के अवशेष मिले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पशु चरा रहे एक चरवाहे की नजर झाड़ियों के बीच पड़े अवशेषों पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कंकाल के अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह मामला डाला चौकी अंतर्गत बाड़ी स्थित हरियाणा क्रशर प्लांट के पीछे कौवा नाला क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद कंकाल की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। अवशेषों को आवश्यक जांच और पहचान के लिए भेजा जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






