सोनभद्र । ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र के भलुआ टोला वार्ड नंबर-14 स्थित मुख्य मार्ग ईदगाह रोड पर हल्की बारिश के बाद एक बार फिर सड़क की बदहाल स्थिति उजागर हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से इस सड़क के निर्माण और नापी का कार्य केवल कागजों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, बारिश होते ही सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के बजाय हर बार केवल बस्सी और हाफ इंची गिट्टी डालकर खानापूर्ति की जाती है। इससे सरकारी धन का दुरुपयोग होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार मोटरसाइकिल और साइकिल सवार फिसलकर गिर चुके हैं।
वर्तमान में मोहर्रम के पावन अवसर पर इस मार्ग की खराब स्थिति को लेकर मुस्लिम समुदाय सहित स्थानीय नागरिकों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।






