लखनऊ । जनपद में शनिवार को विधायक डॉ. नीरज बोरा ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ डालीगंज मुख्य बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की अतिक्रमण, जल निकासी, सफाई व्यवस्था और यातायात से जुड़ी समस्याओं का बारीकी से जायजा लिया और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिन्हित अतिक्रमणकारियों को शीघ्र नोटिस जारी किए जाएं तथा निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण न हटाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने रामलीला मैदान से मोहन मीकिन की ओर जाने वाले बड़े नाले की आधुनिक मशीनों से हो रही सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने नाले पर हुए अतिक्रमण को हटाने और नगर निगम को अवस्थापना निधि से नाले की रिटेनिंग वॉल बनाकर उसे ढकने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को संबंधित पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा।
उन्होंने डालीगंज क्षेत्र में संचालित मछली मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने, कलक्टरगंज डालीगंज स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाने तथा कूड़ा पड़ाव घर को हटाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







