Search
Close this search box.

मुगलसराय कोतवाली में थाना समाधान दिवस, एडीएम-सीओ ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

चन्दौली । के मुगलसराय कोतवाली में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं के साथ पहुंचे। इस अवसर पर मुख्य रूप से जमीन से जुड़े विवादों और राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई की गई।

कार्यक्रम में एडीएम रतन कुमार वर्मा, तहसीलदार संदीप कुमार श्रीवास्तव तथा डीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने एक-एक कर प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की और संबंधित पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों को मामलों का शीघ्र, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में राजस्व विभाग के लेखपाल भी मौजूद रहे, जिन्होंने मौके पर ही कई मामलों की प्रारंभिक जांच की और आवश्यक अभिलेखों की जानकारी उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और लंबित विवादों का समाधान जल्द हो सके।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य पुलिस और राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जमीन संबंधी विवादों का त्वरित निस्तारण करना है। हर शनिवार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से आम जनता को राहत मिल रही है और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें