Search
Close this search box.

बलिया के जनपद न्यायाधीश, डीएम और एसपी ने मऊ जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बलिया । जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने मंगलवार को संयुक्त रूप से मऊ जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत कश्यप तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बलिया जनपद के बंदियों की स्थिति, कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों, रसोईघर, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था और अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और शिकायतों की जानकारी ली। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए दवाइयों की उपलब्धता, उपचार व्यवस्था तथा चिकित्सकीय सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

संयुक्त निरीक्षण में कारागार परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में जेल अधीक्षक आनंद कुमार शुक्ला को व्यवस्थाओं में और सुधार लाने के सुझाव दिए गए, ताकि बंदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और कारागार की व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बन सके।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें