मीरजापुर । आगामी 16 जुलाई 2026 को श्री ठाकुर राम कुमार मंदिर (रजि.), गाजिया टोला से निकलने वाली भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भ्राता बलभद्र की पारंपरिक रथयात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर रथयात्रा के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

समिति के अनुसार रथयात्रा सुबह 6 बजे मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर त्रिमोहानी चौराहा पहुंचेगी। वहां दर्शन-पूजन एवं शाम 4 बजे महाआरती के बाद रथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों—बसनई बाजार, घंटाघर, खजांची चौराहा, गिरधर चौराहा, पेहटी चौराहा, तुलसी चौक, पानदरिबा, पुरानी अंजही, टेढ़ी नीम और नारघाट होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगा।
ज्ञापन में रथयात्रा मार्ग की साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त कराने, अतिक्रमण हटाने, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम की मांग की गई है।
समिति के संरक्षक गौरव ऊमर राज माहेश्वरी, बृजेश गुप्ता, संयोजक रूप नारायण अग्रहरि तथा प्रभारी राहुल चंद्र जैन ने प्रशासन से समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने का अनुरोध किया, ताकि हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में रथयात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य ढंग से संपन्न हो सके।










