वाराणसी । जनपद के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र स्थित नंदू फ़ारिया गेट के पास शनिवार को ड्यूटी पर तैनात एक पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली की आवाज़ सुनते ही श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में गोली के छर्रे पास की दो दुकानों पर मौजूद दुकानदारों को लगे। एक दुकानदार के हाथ में जबकि दूसरे के पेट में छर्रे लगने से वे घायल हो गए।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली तकनीकी खराबी, लापरवाही या किसी अन्य कारण से चली।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और संबंधित जवान से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।






