वाराणसी । 3 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टेट) के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 05149 वाराणसी सिटी–गोरखपुर तथा 05152 एवं 05154 आजमगढ़–बलिया अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनें संचालित की गई हैं।

वाराणसी सिटी, प्रयागराज रामबाग, मऊ, आजमगढ़ और बलिया स्टेशनों पर हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता, निःशुल्क शीतल पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं। भीड़ की निगरानी के लिए वाराणसी कंट्रोल कक्ष में 24 घंटे सक्रिय वॉर रूम बनाया गया है, जहां अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास द्वार और फुटओवर ब्रिज पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। टिकट काउंटरों पर कतार व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा पेयजल की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक यात्रियों को निःशुल्क ठंडा पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं। स्टेशन पर ट्रेन संचालन की जानकारी जनसम्बोधन प्रणाली, डिस्प्ले बोर्ड और कोच गाइडेंस सिस्टम के माध्यम से लगातार दी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से जहरखुरानी, चोरी और अन्य अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 या निकटतम आरपीएफ/जीआरपी कर्मियों से संपर्क करने की अपील की है। रेलवे प्रशासन परीक्षा अवधि में सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।






