बलिया । 4 जुलाई पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने जनपद के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्र की प्रभारी एवं महिला कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत चल रहे जागरूकता अभियानों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

एएसपी ने महिला पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें और महिलाओं व छात्राओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दें। उन्होंने क्षेत्र की सम्मानित महिलाओं एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर महिला सुरक्षा को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान महिला बीट कर्मचारियों की बीट बुक का भी निरीक्षण किया गया। अभिलेखों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए तथा नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और उनके प्रति होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







