Search
Close this search box.

11 विश्व रिकॉर्ड बनाकर मिर्जापुर की प्रतिमा पाण्डेय ने रचा इतिहास, केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी ने दी बधाई

मिर्जापुर । जनपद की होनहार योग प्रतिभा कुमारी प्रतिमा पाण्डेय ने अंतरराष्ट्रीय योग चैम्पियनशिप-2025 में एक साथ 11 विश्व रिकॉर्ड बनाकर देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि की गूंज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है। प्रतिमा की सफलता पर केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने उनके पिता एवं राष्ट्रीय लोकदल के मिर्जापुर जिलाध्यक्ष शिवशंकर पाण्डेय को बधाई पत्र भेजकर शुभकामनाएं दी हैं।

अपने संदेश में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रतिमा ने भारतीय योग, संस्कृति और मिर्जापुर का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताते हुए विश्वास जताया कि प्रतिमा भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम रोशन करती रहेंगी।

प्रतिमा की उपलब्धि से मिर्जापुर में खुशी का माहौल है। सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि लगातार उन्हें बधाई दे रहे हैं। योग और खेल जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि प्रतिमा ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

हालांकि, प्रतिमा के पिता शिवशंकर पाण्डेय ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की विश्वस्तरीय उपलब्धि के बावजूद अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की मांग की।

योग विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतिमा पाण्डेय की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

रिपोर्टिंग मिर्जापुर बसंत कुमार गुप्ता।

Leave a Comment

और पढ़ें