Search
Close this search box.

पहली पत्नी और दो बच्चों के रहते दूसरी शादी का आरोप, पीड़िता ने कैंट थाने में लगाई न्याय की गुहार

वाराणसी। वाराणसी में एक महिला ने अपने पति पर पहली पत्नी और दो बच्चों के रहते दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता नीलम कुमारी का कहना है कि उनके पति चंदन कुमार के साथ वैवाहिक विवाद का मामला परिवार न्यायालय, वाराणसी में विचाराधीन है। इसके बावजूद चंदन कुमार ने 2 जुलाई 2026 को नदेसर स्थित मैजिक लिफ होटल में प्रियंका कुमारी के साथ दूसरी शादी करने का प्रयास किया।

पीड़िता के अनुसार, दूसरी शादी की सूचना मिलने पर वह अपने दोनों बच्चों और पिता के साथ कैंट थाने पहुंचीं तथा लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने डायल 112 पर भी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल में चल रही शादी की रस्म रुकवा दी। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को कैंट थाने ले आई।

नीलम कुमारी का आरोप है कि पुलिस ने शादी तो रुकवा दी, लेकिन उनके पति के खिलाफ कोई उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि पहली पत्नी और दो बच्चों के रहते दूसरी शादी करने के मामले में कार्रवाई न होने से उन्हें और उनके परिवार को निराशा हाथ लगी है। पीड़िता ने मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग की है।

रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता

Leave a Comment

और पढ़ें