Search
Close this search box.

करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर कामायनी एक्सप्रेस का नियमित ठहराव शुरू, यात्रियों को मिली बड़ी सुविधा

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के वाराणसी-छपरा रेलखंड स्थित करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर 11071/11072 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–बलिया कामायनी एक्सप्रेस का नियमित ठहराव सोमवार से शुरू हो गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जहूराबाद विधायक, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।

मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि कामायनी एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति है। इससे मुहम्मदाबाद, जहूराबाद सहित आसपास के यात्रियों को मुंबई और देश के अन्य महानगरों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि इसका लाभ विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और महाराष्ट्र-मुंबई में रहने वाले प्रवासी परिवारों को विशेष रूप से मिलेगा।

बलिया सांसद सनातन पांडेय ने इसे बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन का स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया तथा लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर का माल्यार्पण व मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया।

पहले दिन करीब छह हजार रुपये के टिकटों की बिक्री हुई। 11071 ट्रेन करीमुद्दीनपुर में 13:13 बजे पहुंचकर 13:15 बजे रवाना होगी, जबकि 11072 ट्रेन 21:53 बजे पहुंचकर 21:55 बजे प्रस्थान करेगी। कार्यक्रम में एडीआरएम अशोक कुमार वर्मा समेत रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें