बलिया। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना ने विशुनपुरा (मानिकपुर) निवासी गृहणी श्रीमती पद्मावती देवी के जीवन में बड़ा बदलाव ला दिया है। कभी पति राजकुमार प्रजापति के साथ सीमित संसाधनों में मिट्टी के बर्तन बनाने वाली पद्मावती देवी आज सफल उद्यमी बनकर 40 लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रही हैं। वर्ष 2020-21 में उन्होंने जिला ग्रामोद्योग कार्यालय से संपर्क कर योजना के तहत 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया।
इस आर्थिक सहायता से उन्होंने दीये, कुल्हड़, गमले और सजावटी मिट्टी के उत्पादों का उत्पादन बढ़ाया। वर्तमान में उनके उद्यम में 15 मशीनें संचालित हैं और उत्पादों की आपूर्ति बलिया के साथ देवरिया, मऊ सहित अन्य जिलों में भी हो रही है। स्वदेशी मेला 2025-26 में उनके स्टॉल को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सराहा, जिसके बाद उन्हें विभिन्न संस्थानों से कई ऑर्डर मिले।
पद्मावती देवी ने अपनी सफलता का श्रेय उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड और मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना को देते हुए कहा कि योजना ने उनके परिवार को आत्मनिर्भर बनाने के साथ अन्य लोगों को रोजगार देने का अवसर भी प्रदान किया।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








