बलिया । दिल्ली में NEET परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को शहीद पार्क चौक, बलिया में सैकड़ों छात्रों और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता रमेश गिरि गुरु ने किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रमेश गिरि गुरु ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य और न्याय के लिए है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकार और भविष्य के लिए आवाज उठाना अपराध नहीं है। छात्रों के सवालों का जवाब लाठी से नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और न्याय से दिया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस की लाठियों से छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती और न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में सुनील पटवा, मोहित वर्मा, अर्जुन गुप्ता, इरफान अली, अंकित सिंह, विकास सोनी, किशन शाह, विश्वजीत, निखिल समेत सैकड़ों छात्र और अभिभावक मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








