गाजीपुर। जनपद के एक लाख रुपये के इनामी आरोपी एवं कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडे के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने उसके गौशाबाद स्थित आवास पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत मुनादी कराई।
लाउडस्पीकर के माध्यम से न्यायालय का आदेश पढ़कर सुनाया गया और निर्धारित समय में अदालत में उपस्थित होने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि समय सीमा के भीतर पेश न होने पर आरोपी की चल एवं अचल संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।यह कार्रवाई 5 सितंबर 2024 को व्यापारी सचिन चौरसिया के कथित अपहरण और मारपीट के मामले में की जा रही है।
आरोप है कि शंकर पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन चौरसिया का अपहरण किया था। अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी है। पुलिस के अनुसार, शंकर पांडे अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में भी वांछित है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








