गाजीपुर। जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र के मुंडेरा बुजुर्ग ग्राम पंचायत स्थित श्रीपुर गांव में बुधवार सुबह एक 21 वर्षीय युवक का शव बागीचे में पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रिंस राय उर्फ धनजी, पुत्र सुनील राय, के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने युवक को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।सूचना पर भांवरकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








