बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) का अष्टम् दीक्षान्त समारोह 29 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। पद्मश्री डॉ. अशोक कुमार सिंह, पूर्व निदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को दीक्षोपदेश देंगे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

समारोह में स्नातक के 13,261 और परास्नातक के 5,936 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा 30 पीएचडी शोधार्थियों को भी डिग्री दी जाएगी। कुल 44 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 35 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं। एमएससी रसायन विज्ञान की छात्रा नन्दिनी वर्मा को सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर कुलाधिपति स्वर्ण पदक मिलेगा। वहीं, पहली बार डॉ. काशी प्रसाद जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की छात्रा विनीता सिंह को प्रदान किया जाएगा।

दीक्षान्त समारोह से पूर्व आयोजित दीक्षोत्सव के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 200 किट वितरित होंगी। साथ ही किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण कराया जाएगा।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







