नगरा । अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹25,000 के इनामी वांछित गैंगेस्टर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भीमपुरा थाना क्षेत्र के चरौवा निवासी जगदीश ठाकुर उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि वह हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ₹25,000 का इनामी गैंगेस्टर जगदीश ठाकुर उर्फ गुड्डू अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके घर पर दबिश दी और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना नगरा में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसमें उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था। अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। उसके खिलाफ चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद नगरा पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








