गाजीपुर । जनपद के जमानियां क्षेत्र के सुजानपुर दलित बस्ती में सोमवार तड़के जर्जर विद्युत केबल की चपेट में आने से 25 वर्षीय जेसीबी चालक सर्वेश कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, सर्वेश सुबह सरिया लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान गली में लंबे समय से लटक रहे जर्जर बिजली के केबल से सरिया छू गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी बहन सोनी ने साहस दिखाते हुए बिजली आपूर्ति बंद कराई और परिजनों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सर्वेश की चार वर्ष पहले रूनी से शादी हुई थी। वह दो मासूम बेटियों रियांशी और जिया का पिता था तथा जेसीबी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि चार वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में उसके बड़े भाई और छोटी बहन की भी मौत हो चुकी थी। अवर अभियंता आशीष कुमार ने जर्जर विद्युत तारों को शीघ्र बदलने का आश्वासन दिया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









