गाजीपुर । जनपद में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को तेज किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार में मीडिया से सहयोग की अपील की।डीएम ने बताया कि जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 43 हजार बालिकाएं चिन्हित की गई हैं, जबकि अब तक केवल 3500 से 4000 किशोरियों का ही टीकाकरण हो पाया है।
उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा यह भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है। उन्होंने अभिभावकों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने और समय पर अपनी बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील की।
अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, एबीएसए, एमओवाईसी और स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर एक सप्ताह के भीतर विकासखंड स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









