Search
Close this search box.

मनियर पुलिस ने 2150 लीटर अवैध कच्ची शराब का कराया विनिष्टीकरण

बलिया । 27 जुलाई शासन द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत मनियर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आबकारी अभियोगों में बरामद अवैध देशी शराब का विनिष्टीकरण कराया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान वर्ष 2024 और 2025 में दर्ज कुल 123 आबकारी अभियोगों में बरामद 2150 लीटर अवैध कच्ची शराब को नष्ट किया गया।

यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक बलिया उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में संपन्न हुई। न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन पश्चिमी/जेएम बलिया के आदेश के क्रम में थाना परिसर के समीप पर्याप्त गहराई का गड्ढा खोदकर बरामद अवैध शराब को उसमें डालकर विनष्ट किया गया।

विनिष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी बांसडीह, जिला आबकारी अधिकारी बलिया, क्षेत्राधिकारी बांसडीह, थानाध्यक्ष मनियर तथा पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई की विधिवत वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें