मीरजापुर । विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत कलना गहरवार गांव में गुरुवार भोर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। सीमेंट लदा अनियंत्रित कंटेनर घर में घुसकर पलट गया, जिससे चारपाई पर सो रहे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल पुत्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने बताया कि 30 जुलाई को करीब सुबह 3 बजे प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट कंटेनर वाहन संख्या MP 19ZQ9901 अनियंत्रित होकर कलना गहरवार गांव में एक मकान में घुस गया। हादसे में शिव प्रसाद गुप्ता (45) पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं उनके 13 वर्षीय पुत्र रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची विंध्याचल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कंटेनर को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी नगर और उपजिलाधिकारी सदर सहित पुलिस बल मौजूद रहा। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।









