Search
Close this search box.

दशकों की सेवा को सलाम: वाराणसी पुलिस के 8 कर्मियों को सम्मानपूर्वक दी गई भावभीनी विदाई

वाराणसी । पुलिस आयुक्त कार्यालय में शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने विभाग में लंबे समय तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा देने वाले आठ पुलिस कर्मियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सेवानिवृत्त होने वालों में उप निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, फतेह बहादुर सिंह, जगत नारायण तिवारी, सुग्रीव राम और श्रीकांत यादव, मुख्य आरक्षी विरेश दत्त त्रिपाठी एवं सत्येंद्र सिंह तथा उर्दू अनुवादक वदूदुल हसन शामिल रहे। समारोह के दौरान सभी को स्मृति चिन्ह एवं फोटो फ्रेम भेंट कर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा की उत्कृष्ट मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाएं विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी तथा आने वाली पीढ़ियां इनके कार्यों से प्रेरणा लेंगी।

समारोह का माहौल भावुक और सम्मानपूर्ण रहा। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के स्वस्थ, सुखमय और सम्मानजनक जीवन की कामना करते हुए उनके योगदान को याद किया।

Leave a Comment

और पढ़ें