Search
Close this search box.

परिवार की मजबूती के लिए संवाद, संस्कार और सदाचार जरूरी : बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम

चन्दौली। /पड़ाव गुरुपूर्णिमा के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन श्री सर्वेश्वरी समूह के तत्वावधान में महिला एवं युवा संयुक्त सम्मेलन आयोजित हुआ। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी ने कहा कि परिवारों के विघटन, दाम्पत्य तनाव और सामाजिक असंतोष का मुख्य कारण लोभ, अहंकार और संवादहीनता है। उन्होंने कहा कि केवल महिलाओं को दोष देना उचित नहीं, बल्कि पति, परिवार और समाज सभी को आत्मचिंतन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विवाह के बाद बेटी नए परिवेश में आती है, इसलिए उसे सम्मान, सहयोग और अपनापन मिलना चाहिए। वहीं नववधू को भी परिवार की परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने धन के लोभ को पारिवारिक विवादों की बड़ी वजह बताते हुए अच्छे कर्म, संस्कार और सेवा को वास्तविक संपत्ति बताया।

बाबा जी ने कहा कि मोह-माया का त्याग घर छोड़ना नहीं, बल्कि मन के विकारों का त्याग है। उन्होंने जीवन में संवाद, विश्वास और पारदर्शिता बनाए रखने का आह्वान किया। गोष्ठी की अध्यक्षता दुर्गावती चौधरी ने की। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, वक्ता और भजन प्रस्तुत करने वाले कलाकार उपस्थित रहे। मंत्री डॉ. एसपी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बाबा जी ने पदाधिकारियों को कर्मशील होकर समाज सेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।

Leave a Comment

और पढ़ें