चन्दौली। /पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, डीडीयू मंडल द्वारा संचालित यूरोपियन कॉलोनी स्थित किड्स कॉर्नर स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त इस विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्रदान की जा रही है।

विद्यालय का उद्देश्य रेल कर्मचारियों सहित आसपास के क्षेत्रों के कम आय वर्ग के परिवारों के बच्चों को कम खर्च में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। यहां बच्चों को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, रचनात्मक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और आधुनिक शिक्षण संसाधनों से युक्त विद्यालय में विद्यार्थियों को सीखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। संगठन द्वारा संचालित यह विद्यालय जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, डीडीयू मंडल की अध्यक्षा चित्रा सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि किड्स कॉर्नर स्कूल के माध्यम से कम आय वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास और प्रतिभाओं को निखारने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।









