बलिया । कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 की रात कदम चौराहा के पास पुराने विवाद को लेकर कुछ युवकों ने एक युवक और उसके साथी को घेरकर मारपीट की। आरोप है कि हमले के दौरान गोलू पटेल उर्फ बजरंगी पटेल और पवन चौबे ने जान से मारने की नीयत से युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 300/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
शनिवार को उपनिरीक्षक शंशाक पाण्डेय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बेदुआ मोहल्ला के पास से आरोपी गोलू पटेल उर्फ बजरंगी पटेल (19 वर्ष) निवासी जापलिनगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








