वाराणसी । जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में अराजक तत्वों द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, तथागत भगवान बुद्ध एवं मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ किए जाने की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया तथा मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
शनिवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर चौबेपुर पुलिस घटनास्थल पहुंची। इसके बाद चोलापुर और सारनाथ थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि राजकुमार भारती की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के स्थान पर जल्द नई प्रतिमाएं स्थापित कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने भी संयम बरतते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर चौबेपुर, चोलापुर और सारनाथ थानों की पुलिस मौजूद रही।








