Search
Close this search box.

उत्पीड़नात्मक कार्रवाई बंद कर संविदा कर्मियों की बहाली करे प्रबंधन: संघर्ष समिति

लखनऊ। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश ने पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन से बिजली कर्मियों के खिलाफ चल रही उत्पीड़नात्मक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाइयों को तत्काल समाप्त करने और हटाए गए संविदा कर्मियों की बहाली की मांग की है।

समिति का कहना है कि प्रदेश में बिजली कर्मियों की लगातार कमी के बावजूद कर्मचारी उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और आकस्मिक परिस्थितियों से पूरी निष्ठा से निपट रहे हैं। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान भी बिजली कर्मी 12-12 घंटे की ड्यूटी कर यात्रा मार्गों और धार्मिक स्थलों पर निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए हुए हैं।

संघर्ष समिति ने कहा कि बढ़ती बिजली मांग और उपभोक्ताओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध नहीं है, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है। समिति ने मांग की कि पर्याप्त संख्या में संविदा और नियमित कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, आंदोलन में भाग लेने के नाम पर की गई सभी अनुशासनात्मक कार्रवाइयां वापस ली जाएं तथा प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

समिति ने विश्वास जताया कि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश की बिजली व्यवस्था तथा उपभोक्ता सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें