बलिया । जनपद के दुबहड़ थाना क्षेत्र में पुरानी पट्टीदारी के विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे नगवा निवासी 58 वर्षीय राजदेव पाठक अपने पड़ोसी काशी यादव के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान उनके पट्टीदार एवं पड़ोसी उत्कर्ष पाठक से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि उत्कर्ष ने लाठी से हमला कर राजदेव पाठक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर दुबहड़ थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







