Search
Close this search box.

मुख्तार गैंग के शार्प शूटर अंगद राय की 9.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क

गाजीपुर । पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग के मुख्य शार्प शूटर और आईएस-191 गैंग के सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9.50 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर ली। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत जिलाधिकारी के आदेश पर की गई।

पुलिस के अनुसार, भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द निवासी अंगद राय ने अपराध से अर्जित धन से अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर मोहम्मदाबाद तहसील के मौजा गिरधरिया में भूमि और उस पर निर्मित भवन खरीदा था। सोमवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति का जब्तीकरण पूरा किया।

कुर्क की गई संपत्ति में आराजी संख्या 207 की 127 वर्गमीटर भूमि तथा उस पर बना 63 वर्गमीटर का आवासीय भवन शामिल है। पुलिस के मुताबिक अंगद राय पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार महेंद्र बहादुर, थानाध्यक्ष रोहित मिश्र सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।

Leave a Comment

और पढ़ें