Search
Close this search box.

बनारस कोचिंग डिपो में डीआरएम का निरीक्षण, एसी कोचों में जल रिसाव रोकने के दिए निर्देश

वाराणसी। 07 अगस्त यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने शुक्रवार को बनारस कोचिंग डिपो का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिक लाइन में अनुरक्षण के लिए खड़े वातानुकूलित (एसी) कोचों की छत, दरवाजों, खिड़कियों तथा अन्य संवेदनशील हिस्सों का बारीकी से परीक्षण कर मानसून के दौरान संभावित जल रिसाव और वर्षा जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी एसी कोचों में जल रिसाव की संभावनाओं को समयबद्ध तरीके से समाप्त किया जाए तथा वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर प्रत्येक कोच को यात्रियों की सेवा के लिए पूरी तरह फिट रखा जाए। उन्होंने कहा कि मानसून में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और अनुरक्षण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव सहित संबंधित अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। डीआरएम ने तकनीकी सतर्कता और नियमित निरीक्षण पर विशेष जोर दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें