वाराणसी । कमिश्नरेट की सिगरा पुलिस ने धर्म एवं वास्तविक नाम छिपाकर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर हिंदू नाम से शादी करने, धर्म परिवर्तन कराने और दुष्कर्म के आरोप में वांछित अभियुक्त सन्नी सिंह उर्फ सलमान खान (32) को शुक्रवार को श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना सिगरा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि उसने पीड़िता को धोखे में रखकर विवाह किया, धर्म परिवर्तन कराया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट, धमकी और अन्य आपराधिक मामलों में दो मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण में की गई।
आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र सहित थाना सिगरा की पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।









