वाराणसी। 07 अगस्त 2026 बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने शुक्रवार को बरेका कर्मशाला का गहन निरीक्षण कर उत्पादन गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शीट मेटल शॉप, लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप तथा लोको टेस्ट शॉप का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। महाप्रबंधक ने अमृत भारत (पुश-पुल) लोको के कैब का भी निरीक्षण किया तथा निर्माण प्रक्रिया और तकनीकी मानकों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि उत्पादन कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही किए जाएं ताकि विश्वस्तरीय रेल इंजनों का निर्माण सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान विभिन्न इकाइयों में चल रहे कार्यों की जानकारी ली गई और समयबद्ध उत्पादन पर विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य विद्युत इंजीनियर अरविंद कुमार जैन, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर सुदीप रावत, उप मुख्य इंजीनियर साकेत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









