मिर्जापुर । अहरौरा नगर के उत्तर-पूर्वी छोर स्थित ग्राम सभा डीह की अन्न भंडार की देवी मां भंडारी देवी की पारंपरिक डोली यात्रा मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। सुबह करीब आठ बजे बाडू वीर मंदिर से ऐतिहासिक वाद्य यंत्रों और डीजे की धुन के बीच हजारों श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए परंपरागत मार्गों से ग्राम सभा बेलखारा क्षेत्र के सीयूर स्थित राजा कर्णपाल पहाड़ी के लिए रवाना हुए, जिसे मां का मायका माना जाता है।

दोपहर करीब 12 बजे दर्शनीय स्थल पर श्रद्धालुओं ने मां से अनुनय-विनय के साथ हवन-पूजन किया। मनौना कार्यक्रम के बाद मां भंडारी देवी की डोली में विराजमान होने पर डोली का वजन बढ़ गया। इसके बाद कहार डोली को लेकर मंदिर के लिए वापस रवाना हुए।
यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने जलपान, प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन कर भक्तों का स्वागत किया। नगर पालिका की ओर से साफ-सफाई तथा पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
यात्रा में पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी सहित शिशिर पाण्डेय, जयप्रकाश पांडेय, अरुण कुमार, रमापति मिश्रा, आशु गुरु, पप्पू मिश्रा, संदीप पाण्डेय, नित्यानंद पाण्डेय, अजय पाण्डेय, प्रशांत पाण्डेय, विनय गुप्ता, विष्णुपति समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग मिर्जापुर अनुप कुमार।






