वाराणसी । नगर निगम के ‘स्वच्छता से संस्कार अभियान’ के तहत मंगलवार को दशाश्वमेध जोन के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता एवं सोर्स सेग्रीगेशन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्वनाथ गली स्थित विश्वनाथ सनातन धर्म इंटर कॉलेज और नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने गीले, सूखे, सैनिटरी तथा घरेलू हानिकारक कचरे की अलग-अलग श्रेणियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि भोजन के अवशेष, फल-सब्जियों के छिलके और चाय की पत्ती जैसे गीले कचरे से जैविक खाद बनाई जा सकती है, जबकि कागज, प्लास्टिक बोतल, गत्ता और रैपर जैसे सूखे कचरे को रिसाइक्लिंग के लिए भेजा जा सकता है।

सैनिटरी कचरे के साथ बैटरी, बल्ब और पेंट के डिब्बों जैसे हानिकारक कचरे को सामान्य कूड़े से अलग रखने पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने की अपील की गई।

विद्यार्थियों ने घर और विद्यालय में कचरा पृथक्करण अपनाने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बेसिक्स आईईसी और आईटीसी की टीमें उपस्थित रहीं।





