वाराणसी । जनपदवासियों, खिलाड़ियों और बाहर से आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग ने रोहनिया बाजार-गंगापुर मार्ग पर नया दिशा सूचक बोर्ड लगाया है। बोर्ड पर रोहनिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम समेत प्रमुख स्थानों की दूरी और रास्ते की जानकारी अंकित की गई है।

दिशा सूचक बोर्ड पर रोहनिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की दूरी 7.80 किलोमीटर, गंगापुर 5.80 किलोमीटर, मोहनसराय 8.30 किलोमीटर, वाराणसी रिंग रोड 8.70 किलोमीटर, वाराणसी कैंट 7 किलोमीटर, काशी विश्वनाथ धाम 13 किलोमीटर और प्रयागराज की दूरी 117 किलोमीटर दर्शाई गई है।

स्थानीय निवासी एवं बिजली विभाग के कर्मचारी मनीष सिंह ने बताया कि पहले स्टेडियम का रास्ता स्पष्ट नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले कई खिलाड़ी और दर्शक रास्ता भटक जाते थे। नए बोर्ड से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सरकार के निर्देश पर खेल सुविधाओं तक पहुंच आसान बनाने के लिए प्रमुख मार्गों पर दिशा सूचक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। आगे अन्य खेल मैदानों के लिए भी ऐसे बोर्ड लगाए जाएंगे। ग्रामीणों और युवा खिलाड़ियों ने विभाग के इस कदम की सराहना की है।







